कल ग्वालियर में वैक्सीन लगवाने वाले को मिलेगा उपहार
ग्वालियर. कल 21 जून को ग्वालियर में कोरोना वैक्सीनेशन का सबसे बड़ा अभियान चलने वाला है इसके लिए प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। वैक्सीन की कोई कमी नहीं है और कल का वैक्सीनेशन इसलिए भी खास है कि इस रोज वैक्सीन लगवाने वालों को उपहार भी मिलेंगे और वैक्सीनेशन सेंटर पर पोहा भी मिलेगा। इस अभियान से तमाम समाजसेवी संस्थाएं भी जुड़ गई है और कोशिश है कि ग्वालियर वैक्सीनेशन के मामले में कल 21 जून को प्रदेश में एक नया रिकॉर्ड बना दे। कल का वैक्सीनेशन अभियान देश व्यापी है और हर राज्य की सरकारों ने वैक्सीनेशन को कामयाब बनाने के लिए जिला संभालने वालों को फ्री हैंड दे रखा है।
हम 50 हजार प्लस का लक्ष्य लेकर चल रहे
ग्वालियर में अभी तक एक दिन में अधिकतम 30 हजार 600 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है और कलेक्टर ग्वालियर कौशलेंद्र विक्रम सिंह कहते है कि कल 21 जून के लिए हम 50 हजार प्लस का लक्ष्य लेकर चल रहे है। 50 हजार तक तो हम आसानी से पहुंच जाएंगे। कोशिश यह होगी कि 50 हजार के पार ग्वालियर में वैक्सीनेशन हो। वैक्सीनेशन का काम 300 सेंटर पर एक साथ होगा और इसमें 200 तो स्थायी सेंटर है और 100 सेंटर चलित है। यानी चलते-फिरते जो चलते-फिरते लोगों को वैक्सीन देंगे।
जो वैक्सीन लेंगे उन्हें पुरस्कार मिलेगा
कलेक्टर ने कहा कि कल 21 जून को जो वैक्सीन लेंगे उन्हें पुरस्कार भी दिया जाएगा। कल शाम तक जितने लोग वैक्सीन ले लेंगे उनमें से 50 लोग चुने जाएंगे और इन्हें फ्रिज-कूलर तोहफे दिए जाएंगे।

