उम्मेद पहलवान गिरफ्तार
गाजियाबाद. जिले में 72 वर्ष के बुजुर्ग अब्दुल समद को बंधक बनाकर पीटने और दाड़ी काटने से जुडे वीडियोकाण्ड में सपा नेता उम्मेद पहलवान को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच और लोनी बॉर्डर थाने की पुलिस टीम उसे गाजियाबाद ला रही है। पुलिस कई दिनों से पहलवान की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार की दोपहर उसे दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल के पास से पकड़ा गया है और इस मामले में अभी तक 9 लोगों को पकड़ा जा चुका है, 8 को जमानत भी मिल चुकी हैं।
![]()
सपा नेता पर माहौल भड़काने का आरोप
लोनी बॉर्डर थाने के सब इंस्पेक्टर नरेश सिंह ने उम्मेद पहलवान के खिलाफ 16 जून को IPC की धारा 295A, 153A, 504, 505 और 67 IT एक्ट में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि पिटाई केस के पीड़ित अब्दुल समद का वीडियो बनाकर उम्मेद पहलवान ने फेसबुक पर वायरल किया था। तथ्यों की जांच पड़ताल किए बिना घटना को साम्प्रदायिक रंग देकर माहौल भड़काने का प्रयास किया। उम्मेद पहलवान पर एक केस अनूपशहर कोतवाली में भी दर्ज है। इस केस का मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर जबरन वसूली के एक मामले में जेल में है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। अभी तक पुलिस के हाथ वह मोबाइल नहीं लगा है, जिससे पूरे मामले का वीडियो शूट किया गया था।
उम्मेद गाजियाबाद का लोकल नेता
उम्मेद पहलवान गाजियाबाद का लोकल नेता है। उस पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और समुदायों के बीच नफरत फैलाने का आरोप है। उम्मेद पहलवान ही सबसे पहले समद को लेकर मीडिया के सामने आया था। गाजियाबाद के SP (ग्रामीण) डॉक्टर ईरज राजा ने पहलवान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। सूचना थी कि उम्मेद पहलवान कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले उसे पकड़ लिया गया। उसे कोर्ट में भी पेश किया जा सकता है।

