मप्र के 6 लाख कर्मचारियों को होगा फायदा, 1 जुलाई से मिल सकता है इंक्रीमेंट
भोपाल. कोरोना महामारी के चलते सरकारी कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पर लगी रोक को सरकार हटाने जा रही है जिसका लाभ प्रदेश के 6 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा। ऐसी सूचना मिली है कि शिवराज सरकार 1 जुलाई से कर्मचारियों (शिक्षक भी शामिल) को वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ देने जा रही है। इस संबंध में वित्त विभाग द्वारा मसौदा तैयार कर मुख्यमंत्री सचिवालय को भेज दिया गया है। यहां से मंजूरी मिलते ही आदेश जारी हो जाएंगे।
इंक्रीमेंट मिलने से कर्मचारियों को 1200 रुपए और अधिकारियों को 3000 रुपए तक का फायदा होगा। सरकार के इस फैसले से जहां लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा वहीं सरकार के खजाने पर 150 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा। वर्ग एक के अधिकारियों को 3000, वर्ग 2 के अधिकारियों को 2700, वर्ग तीन के कर्मचारियों को 1400-1600 और वर्ग 4 के कर्मचारियों को 1200-1300 रुपए का इंक्रीमेंट मिल सकता है।
कोरोना महामारी के प्रभावों के चलते लगी थी रोक
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते अर्थव्यवस्था को हुए नुकसान को देखते हुए सरकार ने कर्मचारियों के वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी थी जिसे अब हटा लिया गया है। फिलहाल सरकार को इस बात का फैसला करना है कि वेतन वृद्धि का पैसा कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में डालें या फिर नकद भुगतान करें।

