पूर्व मंत्री उमंग सिंघार के बचाव में उतरे कांग्रेसी नेता डीजीपी से मिले, मृतका बेटा बोला उनके अलावा हमारा ख्याल रखने वाला कौन
भोपाल. महिला मित्र की आत्महत्या के मामले में फंसे मप्र के पूर्व मंत्री और गंधवानी सीट से कांग्रेस विधायक उमंग सिंगार के समर्थन में अब पार्टी के कई बड़े नेता उतर आये हैं। इस संबंध में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और पीसी शर्मा सहित कुछ कांग्रेसी नेताओं ने मंगलवार की दोपहर मध्यप्रदेश के डीजीपी से मुलाकात की और उन्होंने कहा है कि सिंघार के खिलाफ राजनीति से प्रेरित मामला दर्ज किया गया है। उन्हें फंसाया जा रहा है। इधर, सोनिया के बेटे का कहना है कि मां की मौत के बाद उमंग सिंघार ही उनका ख्याल रख रहे हैं। उन्होंने तो उनके खिलाफ कोई बयान नहीं दिया और फिर सिंघार पर मामला क्यों दर्ज हुआ? एफआईआर वापिस ले और हमें शांति से जीने दें।
मृतका का बेटा ही कोई शंका नहीं जता तो पुलिस क्यों कार्यवाही कर रही
उमंग सिंघार के समर्थन में कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मण्डल ने मंगलवार की दोपहर डीजीपी विवेक जौहरी से मुलाकात की। इसमें पूर्व मंत्री जीतू पटवारी पूर्वमंत्री पीसी शर्मा विधायक आरिफ मसूद और अन्य नेता मौजूद रहें। उन्होंने डीजीपी से इस संबंध में निष्पक्ष जांच किये जाने की मांग की। उन्होंने पुलिस पर सरकार का दबाव बनाये जाने के आरोप लगाये। उन्होंने कहा है कि पुलिस सरकार के कहने पर कार्यवाही कर रही है। जब मृतका का बेटा ही किसी तरह की कोई शंका नहीं जता रहा है तो फिर यह कार्यवाही पुलिस क्यों कर रही हैं।
वे ही ख्याल रख रहे-बेटे ने कहा
इधर सोनिया के बेटे आर्यन ने कहा कि जो FIR हुई है, उसे वापस लेना चाहिए। बिना किसी बात या सबूत के मामला दर्ज किया गया है। हमने और न ही नानी ने बयान में ऐसा कुछ कहा है कि उनका दोष है या हमें लगता है। मां की मौत के बाद वे ही ख्याल रख रहे हैं। हम चाहते हैं कि FIR वापस ली जाए और हमें शांति से जीने दिया जाए। सोशल मीडिया देखकर तो लगता है कि इस मामले में राजनीति की जा रही है।
