संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिये जनता कर्फ्यू को पूरी सख्ती के साथ लागू करें – प्रमुख सचिव अशोक शाह
ग्वालियर कोविड-19 के संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिए लागू किए गए जनता कर्फ्यू को पूरी सख्ती के साथ अमल में लाया जाए। प्रतिबंधात्मक आदेशों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढील न बरती जाए। लॉकडाउन के दौरान शादी समारोह एवं अन्य प्रकार के सभी समारोह पूरी तरह से प्रतिबंधित किए जाएं। महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव एवं ग्वालियर जिले के लिये प्रभारी सचिव अशोक शाह ने यह निर्देश दिए हैं।
प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये किए जा रहे प्रबंधनों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, डीन मेडीकल कॉलेज, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, एडीएम रिंकेश वैश्य सहित इंसीडेंट कमाण्डर एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
प्रमुख सचिव ने कहा कि कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिये सभी अधिकारी अपनी-अपनी जवाबदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता के साथ करें। कोरोना संक्रमण की चैन को तोड़ने के लिये लगाया गया जनता कर्फ्यू का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित हो। कर्फ्यू के दौरान लोक परिवहन को प्रतिबंधित किया जाए। इसके साथ ही शादी समारोह एवं अन्य किसी भी प्रकार के समारोह की अनुमति प्रदान न की जाए। किसानों से उपार्जन पर खरीदी की जा रही है। इन केन्द्रों पर भी निर्धारित संख्या से अधिक किसान अपनी उपज लेकर न आएँ, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिये निर्धारित संख्या में ही एसएमएस के माध्यम से किसानों को बुलाया जाए।
