युवती ने प्यार में फंसाया और ठग लिये 41 हजार रूपये
ग्वालियर. सोशल मीडिया पर अब महिला ठग भी सक्रिय है। वह पहले दोस्ती, फिर शादी का झांसा देकर ठगी कर रही है। ऐसा ही एक घटना ग्वालियर में प्रकाश में आई है। जिसमें एक दुकानदार को युवती ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। 10 दिनों तक घंटों चैटिंग की और शादी का वादा तक कर डाला। जब दुकानदार पूरी तरह उसके जाल में फंस गया तो युवती ने पिता को कोरोना पॉजिटिव बताकर मदद मांगी और 41 हजार रूपये ठग लिये। युवक हजीरा का निवासी है। पुलिस के मुताबिक राजेश (परिवर्तित नाम) डिपार्टमेंटल स्टोर चलाता है। 2 वर्ष पहले उसका तलाक हो चुका हैं।
क्या है पूरा मामला
करीब एक महीने पहले उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट दीप्ती द क्यूटी के नाम से आई थी। इस पर युवती का फोटो लगा था। युवक ने फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों के बीच दिन-रात बात होने लगी। युवती ने शादी के लिए प्रपोज कर दिया। युवक का तलाक हो चुका था, इसलिए वह तुरंत फंस गया। 23 अप्रैल को युवती का कॉल आया और युवक से कहा कि जयपुर में उसके पिता कोरोना पॉजिटिव आए हैं, उसे पैसे की जरूरत है। बातचीत के बाद युवक ने 41 हजार रुपए युवती के बैंक खाते में डाल दिए। इसके बाद युवती का मोबाइल बंद हो गया। युवक ने बाद सोशल मीडिया मैसेंजर पर कई मैसेज भेजे, लेकिन जवाब नहीं आया। बीच में एक बार मोबाइल चालू हुआ तो युवती बोली उसे 20 हजार रुपए और चाहिए। इसके बाद युवक समझ गया। उसने रुपए वापस करने को कहा, तब से मोबाइल बंद है। युवक ने एसपी से शिकायत की है। 2 महीने में मैट्रिमोनियल वेबसाइट और सोशल मीडिया पर महिलाओं ने दोस्ती कर 5 को ठगा… सोशल मीडिया क जरिए ठगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मैट्रिमोनियल वेबसाइट और सोशल मीडिया पर महिलाओं ने दोस्ती कर लोगों को ठगा। एक इंजीनियर से भी एक युवती ने दोस्ती की। फिर उससे मदद के नाम पर 70 हजार रुपए ठग लिए। ऐसे एक भी मामले में पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंची है।
