दमोह उपचुनाव में हार के बाद भाजपा की अंदरूनी लड़ाई पीएम तक पहुंची, हम जयचंदों के कारण हारे- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. मध्य प्रदेश के दमोह उपचुनाव में हार का मुंह देखने वाली भाजपा में अंतर कलह और दर्द उभरकर सामने आने लगा है। भाजपा ने हार का ठीकरा अपने ही वरिष्ठ नेता पर फोड़ दिया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तो यहां तक कह दिया कि हम जयचंदों के कारण हारे है। चुनाव हारने के बाद राहुल लोधी ने हार के लिए पूर्व मंत्री जयंत मलैया को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं मलैया ने कहा कि वे खुद अपने कर्माें से हारे है। यह लड़ाई अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गयी है।
दमोह उपचुनाव में रविवार को मतगणना में देर शाम को कांग्रेस उम्मीदवार अजय टंडन चुनाव जीत गए। कांग्रेस उम्मीदवार अजय टंडन ने 17089 वोटों से भाजपा के प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी को हराया दिया। वे पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी से आगे चलते रहे।
वहीं भाजपा के हारे हुए प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी का दर्द सामने आया और उन्होंने कहा कि मैं लोगों की जो पहले सेवा करता रहा वे मैं आगे भी करता रहूंगा। नेताओं को शहर की जिम्मेदारी दी थी। मलैया परिवार ही मूल रूप से चुनाव हराने का जिम्मेदार है। मलैया जी के पास पूरे शहर की जिम्मेदारी है और हम उनके वार्ड से भी हार गए।
