बोर्ड परीक्षाओं को लेकर असमंजस की स्थिति, तारीख आगे बढ़ाने पर विचार
भोपाल. कोरोना के साये में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं (हाईस्कूल और हायर सेकंडरी) को लेकर असमंजस की स्थिति बनती जा रही है। प्रदेश में 30 अप्रैल से हाईस्कूल और 1 मई से हायर सेकंडरी परीक्षाएं शुरू होनी है और कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है ऐसे में अभिभावक ही नहीं सरकार भी चिंतित है और परीक्षा की तारीख में संशोधन पर विचार कर रही है। हालांकि इस संबंध में कोई भी फैसला 15 अप्रैल के बाद कोरोना संक्रमण की स्थिति देखकर लिया जाएगा। इससे पहले 12 अप्रैल को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कलेक्टरों से परीक्षा और जिलों में कोरोना संक्रमण को लेकर बात करेंगे।
वहीं नौवीं और 11वीं की परीक्षा ओपन बुक पद्धति पर कराने को लेकर विचार चल रहा है। इन चारों परीक्षाओं में 33 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हो रहे है। राज्य सरकार बोर्ड परीक्षा में जनरल प्रमोशन देने से इन्कार कर चुकी है पर कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है हालांकि कोई भी निर्णय लेने से पहले सभी जिलों के कलेक्टरों से बात की जाएगी।
अभी फिलहाल सरकार तय परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा कराने की तैयारी में जुटी है, यदि 15 अप्रैल तक कोरोना संक्रमण कुछ कम हुआ या स्थिरता आई तो परीक्षा आगे नहीं बढ़ेगी। वहीं मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल परीक्षा केंद्रों पर कोरोना से बचाव के प्रबंध करने में जुटा है। परीक्षा केंद्र बढ़ाने के निर्देश मंडल ने कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नई व्यवस्था बनाई है।
