ग्वालियर में अब बाहर से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी, प्रवेश मार्गों पर आज से ही लगेंगे चेकिंग पॉइंट

ग्वालियर. शहर में दूसरी लहर में बढ़ रही मरीजों की संख्या के बीच अब व्यवस्थाओं को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। गुरूवार से शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाकर बाहर से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इस दौरान जो लोग संदिग्ध होंगे उनका उपचार कराया जाएगा। कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने अपने आदेश में बरैठा, निरावली तिराहा, विक्की फैक्टरी तिराहा एवं घाटीगांव पर चेकिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए है।
उधर रविवार को लॉकडाउन के दौरान जरूरत के सामान की आड़ में खुल रहीं दूसरी दुकानों के मामले में सख्ती की जाएगी। ऐसे कुछ दुकानदारों के रविवार को चालान भी किए गए थे। अब इस रविवार से लॉकडाउन की पाबंदियों का दायरा बढ़ाने की तैयारी चल रही है जिसमें जनरल स्टोर की दुकानों को प्रतिबंध में शामिल किया जा सकता है क्योंकि किराना स्टोर की दुकानों को लॉकडाउन में खुलने की अनुमति दी गई है। शहर में अधिकांश स्थानों पर किराने की आड़ में जनरल स्टोर की दुकानें खुलने की शिकायतें भी प्रशासन के पास पहुंची है।
इंसीडेंट कमांडरों की रहेगी बाजारों में ड्यूटी, बनेंगे चालान
रविवार को लॉकडाउन में इंसीडेंट कमांडरों व उनकी टीम को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रखा जाएगा। ये टीम अपने क्षेत्रों के बाजारों में मॉनिटरिंग करेंगी यदि कोई ऐसी दुकान खुली जिसे लॉकडाउन प्रतिबंध में छूट नहीं है तो उस दुकानदार का चालान किया जाएगा साथ ही कोविड नियम उल्लंघन का प्रकरण भी बनाया जाएगा। दूध-सब्जी, किराना स्टोर, आटा चक्की को छूट मिलेगी। इन सभी दुकानदारों को सेनिटाइजर, मास्क, सोशल डिस्टेंस तथा थर्मल स्क्रीनिंग के नियम का पालन कराना होगा। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी इस रविवार से लॉकडाउन की सख्ती बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *