जेएएच में 45 से अधिक उम्र के महिला- पुरूषों ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, 149 सेंटर पर 25 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट
ग्वालियर. गुरूवार को 1 अप्रैल से कोरोना से बचाव के लिए महा टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। 45 से अधिक उम्र के सामान्य महिला-पुरूषों को राहत का डोज मिला है। वैक्सीन को लेकर लोगों में मामूली घबराहट नजर आई। रजिस्ट्रेशन से लेकर वैक्सीन रूम में जाने तक लोग टेंशन में नजर आए लेकिन बाहर आने के बाद चेहरे पर अलग ही सुकून नजर आया है। कुछ लोगों का ब्लड प्रेशर हाई रहा तो कोई को मामूली खुजली हुई इससे ज्यादा किसी को कुछ नहीं हुआ है। वैक्सीनेशन के पहले घंटे सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच 149 सेंटर पर 500 से ज्यादा लोगों को राहत का टीका लग चुका था। पूरे दिन में 25 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस स्पीड से चले तो 50 प्रतिशत ही दिन में वैक्सीन लगने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण फैलता जा रहा है। मार्च महीने में तेजी से कोरोना फैला है। कुल संक्रमित को आंकड़ा 19165 तक पहुंच गया है। लगातार कोरोना बढ़ रहा है और लोग मास्क न पहनकर लापरवाही कर रहे है। ऐसे में कोरोना को बढ़ने से रोकने के लिए सबसे अच्छा साधन वैक्सीन ही है। पहले हेल्थ, फ्रंटलाइन वकर्स को वैक्सीन लगी थी उसके बाद सीनियर सिटीजन का नंबर आया अब 45 से अधिक के उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन के द्वार खुले है। जिले में 1 अप्रैल से शुरू हो रहे चरण को महा टीकाकरण का नाम दिया गया है। जिले में 149 सेंटर बनाए गए है।
सुबह 9 बजे लोग जब जेएएच के वैक्सीन सेंटर पर पहुंचे तो यहां तीन टेबल लगी थी। दो टेबल पहली बार वैक्सीन के लिए आने वाले लोगों के लिए थीं जबकि एक टेबल पर वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने आने वालों को वैक्सीन लगाने के लिए रजिस्ट्रेशन हो रहा था। जेएएच पहुंचने वालों में से 80 प्रतिशत ऐसे लोग थे जिन्होंने कोविड एप या वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था, सभी का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया।
