मप्र में महाराष्ट्र से आने-जाने वाली बसों पर 30 अप्रैल तक बढ़ा प्रतिबंध
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र से आने-जाने वाली बसों पर प्रतिबंध 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। यह 30 मार्च तक के लिए लगाया गया था, मुख्यमंत्री ने कहा कि रंग पंचमी पर भी कोई जुलूस या चल समारोह नहीं होगा क्योंकि यदि इसकी अनुमति दी गई तो वह घातक होगा। कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए पूरी रणनीति पर नए सिरे से विचार किया जाएगा। जहां कड़ाई की जरूरत होगी वहां और कड़ाई की जाएगी।
सीएम ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि वे टीकाकरण जरूर कराएं इसके लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों को टीके लगाए जाएंगे। जिन जिलों में संक्रमण अधिक है वहां टीकाकरण के लिए युद्ध स्तर पर अभियान भी चलाया जाएगा और मास्क को लेकर सख्ती होगी।
सीएम ने आगे कहा कि जिन जिलों में ज्यादा केस है उन जिलों में युद्ध स्तर पर टीकाकरण चलेगा। संक्रमण बढ़ रहा है आज भी 2332 के आसपास केस आए है। हम अधिकतम केस मानकर व्यवस्था करेंगे। उपचार की संपूर्ण व्यवस्था की समीक्षा करूंगा। सीएम बोले आज मैंने कलेक्टर, एसपी, कमिश्नर, मेडिकल कॉलेज के डीन, सीएमएचओ की बैठक बुलाई है जिसमें तीन बिन्दुओं पर बैठक में चर्चा होगी। पहला आने वाले समय में कोरोना के क्या आंकड़े हो सकते है, क्या व्यवस्था है इस पर चर्चा होगी। अस्पताल में बिस्तर की कमी नहीं होनी चाहिए यह चैलेंज है हमारे सामने। संक्रमितों के निकटतम लोगों की पहचान और उन्हें क्वारंटाइन करने की व्यवस्था, जरूरत पड़े तो फैसले भी करेंगे। मास्क के लिए सख्ती जरूरी है इस पर भी चर्चा करूंगा।
