मप्र में कोरोना की नई गाइडलाइन, गंभीर मरीजों का अस्पताल में इलाज, कम लक्षण वालों को कोविड सेंटर भेजेंगे
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार तेज हो गई है ऐसे में अस्पतालों में सीमित संसाधनों को ध्यान में रखकर सरकार ने कोविड मरीजों के इलाज के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसमें होम आइसोलेशन के नियम में बदलाव किया गया है। इसके अनुसार घर में रहकर इलाज कराने वालों की निगरानी के लिए जिला कोविड एवं कमांड सेंटर को नई किट सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसी तरह बड़े अस्तालों में गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर बेड उपलब्ध कराए जाएंगे जबकि कम लक्षण वाले मरीजों का इलाज कोविड सेंटर में ही किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने 24 मार्च की स्थिति का हवाला देकर कहा है कि प्रदेश में एक्टिव केस 10 हजार हो गए है लेकिन वायरस की प्रकृति में धीरे-धीरे बदलाव हो रहा है लिहाजा संक्रमण की तीव्रता व गंभीरता में कमी पाई जा रही है। ऐसे में मृत्यु दर में अनुपातिक बढ़ोतरी नहीं हो रही हालांकि एक्टिव केस बढ़ने के कारण अस्तालों में ऑक्सीजन और वेंटीलेटर युक्त बेड का उपयोग करने को कहा गया है।
निर्देश में कहा गया है इलाज के दौरान जिन मरीजों की हालात स्थिर रहती है उन्हें लंबे समय तक बड़े अस्पतालों (सेकंड व थर्ड लेवल कोविड अस्पताल) में भर्ती रखे जाने से एक ओर सीमित संसाधनों का अनावश्यक उपयोग होता है वहीं दूसरी ओर गंभीर लक्षण वाले जरूरतमंद मरीजों को बेड उपलब्ध कराने में कठिनाई होती है ऐसे में बड़े जिलों में जहां मेडिकल कॉलेज है वहां बेड उपलब्धता की स्थिति को देखते हुए होम आइसोलेशन वाले मरीजों की मॉनिटरिंग के लिए अनुभव के आधार पर निर्णय लिया जाए।
