महिलाओं की समस्याओं का समाधान करायेगी महिला हेल्पडेस्क

ग्वालियर एमपी पुलिस द्वारा ग्वालियर जिले के थानों में पूर्व से संचालित ‘‘ऊर्जा डेस्कों’’ को सम्मिलित कर ‘‘ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क’’ का गठन किया गया है जिसका शुभारंभ 31 मार्च को माननीय न्यायाधिपति प्रकाश श्रीवास्तव द्वारा एनआईसी के वैबकास्ट के जरिये किया जाएगा। इस ‘‘ऊर्जा महिला हेल्पडेस्क’’ का मुख्य उद्देश्य थाने में महिलाओं के पहुँचने पर अनुकूल प्रथम संपर्क बिन्दु स्थापित करना, पुलिस थाने में महिलाओं को सौहार्दपूर्ण एवं मित्रवत् वातावरण उपलब्ध कराना, पुलिस के प्रति महिलाओं का विश्वास अर्जित करना ताकि वे थाने पर पहॅुचकर निडरता एवं सहजता से अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकें, महिलाओं के संबंध में विशेषज्ञ इकाई होने से महिलाओं को मानकीकृत एवं पूर्वानुमानित सेवायें उपलब्ध कराना, महिलाओं को पुलिस प्रक्रिया एवं विधिक अधिकारों से अवगत कराना है।
पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सांघी के मार्गदर्शन में एंव एएसपी सतेन्द्रसिंह तोमर शहर (पश्चिम) निर्देशन में ग्वालियर जिले के 24 थानो में ‘‘ऊर्जा महिला हेल्पडेस्क’’स्थापित की गई है जिनका प्रभारी थाना इंचार्ज रहेगा। जिले मे स्थापित ‘‘ऊर्जा महिला हेल्पडेस्क’’का को-ओर्डिनेटरउप पुलिस अधीक्षक (महिला सेल) रवि सोनेर को बनाया गया है। इन सभी ऊर्जा महिला हेल्पडेस्कों में शिकायत के लिये आने वाली महिलाओं के लिये अलग से रूम व फर्नीचर भी उपलब्ध कराये गये है इसके साथ ही वहां महिलाओं से संबंधित प्रत्येक सामग्री को भी रखवाया गया है। महिलाओं के लिये पृथक से वाशरूम की भी व्यवस्था की गई है। पुलिस द्वारा पीडि़त महिलाओं के हितों की रक्षा हेतु सभी संसाधनों से सुसज्जित ऊर्जा महिला हेल्पडेस्कों का निमार्ण किया जा रहा है जो दिन-रात महिलाओं के हित के लिये कार्य करेगी। ऊर्जा महिला हेल्पडेस्क पर अन्य विभागों से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों का निराकरण भी डेस्क प्रभारी द्वारा संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *