42 दिन में ग्वालियर व्यापार मेले ने 850 करोड़ का कारोबार किया

ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब मेले को 18 दिन पहले ही समाप्त कर दिया गया हो। कोविड के चलते शासन को ऐसा निर्णय लेना पड़ा है, 42 दिन में भी व्यापार मेला में 850 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है। इनमें से 811.76 करोड़ का कारोबार तो ऑटोमोबाइल सेक्टर में हुआ है। शेष 38.24 करोड़ रुपए में पूरा मेला सिमटकर रह गया है। मेला में 15836 वाहन बिके है। इनमें भी 7974 दोपहिया और 7862 चार पाहिया वाहन है जबकि इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में लगभग 5 करोड़ रुपए का कारोबार ही हो पाया है। जिला प्रशासन ने मेला में आने वाले व्यापारियों को 28 मार्च का समय दिया था इसके बाद धीरे-धीरे व्यापारी भी मेला प्रांगण से रूखसत होने लगे।
कोरोना संक्रमण के चलते साल 2020 में बिल्कुल भी व्यापार नहीं हो पाया था। जब साल 2021 का आगमन हुआ तो शासन श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला को लगाने की इच्छुक नहीं था लेकिन व्यापारियों के लगातार प्रदर्शन और मांग के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 फरवरी से 15 अप्रैल के बीच दो महीने के लिए मेला की विधिवत घोषणा की थी।
व्यापारियों के लिए चेंबर ने की मांग
मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि मेला अवधि 15 अप्रैल तक तय थी। अब कोरोना के कारण मेला 28 मार्च को खत्म हो गया है। ऐसे में वाहन बिक्री पर 15 अप्रैल तक आरटीओ शुल्क में छूट दी जाए जिससे व्यापारियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *