ग्वालियर में न्यायिक मजिस्ट्रेट पर हमला, लूट:स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट को कट्‌टे, बंदूक के बट मारे; नाक पर चाकू मारा, सोने की चेन लूट ले गए

ग्वालियर. स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट पर हमला किया है। हमलावरों ने कट्‌टा, बंदूक के बट से सिर पर कई बार मारा, एक बदमाश ने नाक पर चाकू मारा। इसके बाद जमीन पर पटककर लात घूंसे मारे और 2 तोले सोने की चेन लूट कर भाग गए। घटना शनिवार रात 8.40 बजे मजिस्ट्रेट कॉलोनी थाटीपुर की है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। न्यायिक मजिस्ट्रेट की शिकायत पर तत्काल थाटीपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।

शहर के थाटीपुर स्थित मजिस्ट्रेट कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय सचिन जैन पुत्र विमल कुमार जैन न्यायिक मजिस्ट्रेट हैं। शनिवार रात वह खाना खाने के बाद अपने साथी मजिस्ट्रेट राम मनोहर दांगी के साथ कॉलोनी के बाहर टहल रहे थे। तभी एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो नंबर एमपी32बीसी-0411 तेज रफ्तार में आते हुए दिखी। गाड़ी को अपनी ओर आते देखकर दोनों मजिस्ट्रेट कूद कर एक गिट्‌टी के टीले पर चढ़ गए। न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन जैन ने कार सवार युवकों को समझाया कि गाड़ी कैसे चला रहे हो। इस पर कार से 6 युवक उतरे और गाली गलौज करने लगे।

मामला बिगड़ता देख मजिस्ट्रेट के साथी राम मनोहर वहां से मदद लेने के लिए कॉलोनी की तरफ भागकर गए। मजिस्ट्रेट सचिन ने गाली देने का विरोध जताया तो कार सवार बदमाशों ने उन्हें पकड़कर उनके गले से सोने की 2 ताेला वजनी चेन लूट ली और जमीन पर पटककर पीटना शुरू कर दिया। तभी एक बदमाश ने उनको चाकू मारा जो चेहरे पर लगा। अन्य दो बदमाशों ने बंदूक और कट्‌टा के बट से पीटा। इसी समय मजिस्ट्रेट राम मनोहर दांगी व कॉलोनी के अन्य लोग वहां आ गए और बदमाश धमकियां देकर भाग गए। तत्काल सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन जैन की शिकायत पर लूट, हत्या के प्रयास व मारपीट और हमले का मामला दर्ज किया है।

मजिस्ट्रेट पर 6 लोगों ने किया था हमला
जैसा न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन जैन ने पुलिस को बताया कि कार में 6 युवक सवार थे। उनमें से एक युवक ने जाते समय कहा था कि तुम हमें जानते नहीं हो मैं सुधीर कमरिया हूं। सभी लोगों की उम्र 22 से 30 साल के लगभग थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों की पड़ताल कर रही है।

सुधीर के नाम है कार
मजिस्ट्रेट ने हमलावरों की कार का जो नंबर एमपी32बीसी-0411 बताया है। वह गाड़ी दतिया के बुंदेला कॉलोनी निवासी सुधीर कमरिया पुत्र रामकुमार कमरिया के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसी नंबर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

मजिस्ट्रेट पर हमला, पुलिस की बढ़ी टेंशन
न्यायिक मजिस्ट्रेट पर खुलेआम स्कॉर्पियो सवारों द्वारा हमला करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस टेंशन में है। रात भर से थाटीपुर थाना प्रभारी आरवीएस विमल हमलावरों की तलाश में लगे हैं। सूचना है कि कुछ संदेही पकड़े भी गए हैं। इसमें एसपी ग्वालियर अमित सांघी का कहना है कि आरोपी कोई भी हो किसी भी हालत में बच नहीं सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *