कार की नंबर प्लेट के ऊपर लिखा था श्रीमंत सिंधिया समर्थक, लॉकडाउन में बिना मास्क चले जा रहे थे, पुलिस ने टोका तो हड़काकर निकल गए
ग्वालियर. स्कॉर्पियो सवार भाजपा नेता कालीचरण राजपूत बिना मास्क लॉकडाउन में गाड़ी दौड़ाते चले जा रहे थे। फूलबाग चौराहा चेकिंग प्वाइंट पर उनको रोका तो वह पुलिस जवानों को हड़काकर चले गए। गले में डली भगवा साफी को मुंह पर लपेटा और कहा यह है तो मास्क। पर इससे भी रोचक उनकी कार पर लगी नेम प्लेट थी। जिस पर लिखा था ‘श्रीमंत सिंधिया समर्थक, भाजपा नेता’ खुद को राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का पक्का समर्थक बताते हुए केसी राजपूत आगे निकल गए।
राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को आपने कभी बिना मास्क के नहीं देखा होगा, लेकिन खुद को उनका सबसे बड़ा समर्थक बताने वाले भाजपा नेता कालीचरण राजपूत ने रविवार को लॉकडाउन में बता दिया कि वह मास्क नहीं पहनेंगे। रविवार दोपहर 12 बजे वह लॉकडाउन होने के बाद भी सड़क पर अपनी स्कॉपियो नंबर MP07CB-6139 से निकले जा रहे थे। तभी फूलबाग चेकिंग प्वाइंट पर दो पुलिस जवानों ने उनकी कार को रोक लिया। पहले तो पुलिस जवान उनकी कार की रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट के ऊपर लगी नेम प्लेट देखकर चौक गए। उस पर लिखा था श्रीमंत सिंधिया समर्थक, भाजपा नेता। इस पर पुलिस जवानों ने लॉकडाउन में बाहर घूमने का कारण पूछा और मास्क नहीं पहनने पर चालान बनवाने के लिए कहा।
गले में पड़ी साफी को मास्क बताकर हड़काया
जब पुलिस जवान चालान बनाने की कह रहे थे तो कालीचरण राजपूत ने गले में पड़ी भगवा रंग की साफी को मुंह और नाक पर लपेटा और कहा यह है मास्क। इसके बाद वह अपनी कार में बैठे और स्टार्ट कर पुलिस वालों को हड़काकर चले गए। पुलिस जवान उनका चेहरा देखते रह गए।
