मंत्री प्रद्युम्न बोले आरटीओ को सस्पेंड कर दिया है, परिवहन आयुक्त ने कहा मुझे कोई निर्देश नहीं मिला
ग्वालियर. ग्वालियर में मंगलवार सुबह बस और ऑटो की भिंडत में 13 लोगों की मौत हुई जिनमें 12 महिलाएं और ऑटो ड्राइवर शामिल थे ये सभी महिलाएं मंगल दिवस पर खाना बनाकर एक ही ऑटो में सवार होकर आ रही थी जैसे ही ऑटो आनंदपुर ट्रस्ट के सामने पहुंचा वैसे बस ने टक्कर मार दी इस हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बातचीत के दौरान कहा था कि हमने आरटीओ को सस्पेंड कर दिया है वहीं अब इस मामले को लेकर परिवहन आयुक्त मुकेश जैन का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है ऐसे में मंत्री के बयान को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे है कि क्या उन्होंने मृतकों के परिजनों का गुस्सा शांत करने के लिए झूठ बोला था।
आरटीओ के संबंध कमिश्नर के इस बयान के बाद सरकार के मंत्री और अफसरों के बीच कॉर्डिनेशन की कमी का मामला एक बार फिर सामने आ गया। इससे पहले भी मंत्री और अफसरों के बीच कॉर्डिनेशन की कमी देखी चुकी है। वहीं ग्वालियर हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दुख जताया और कहा कि इस घटना में कई जिंदगियों के असमय काल कवलित होने से दुख पहुंचा है, ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। इस हादसे में मारे गए परिजनों को 4-4 लाख रुपए की मुआवजे राशि का भी ऐलान किया।
