बिना मास्क के घूम रहे दो दर्जन से अधिक लोगों पर चालान की कार्रवाई
ग्वालियर कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये प्रदेश भर में मंगलवार से संचालित किए जा रहे जन जागृति अभियान के तहत बिना मास्क के घूम रहे नागरिकों को मास्क का वितरण किया गया। इसके साथ ही बिना मास्क के घूम रहे लोगों के विरूद्ध चालान की कार्रवाई कर मास्क प्रदान किए गए।
संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना, आईजी अविनाश शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने मंगलवार को महाराज बाड़े पर आयोजित जन जागृति कार्यक्रम के पश्चात बाड़े पर एवं गश्त का ताजिया तिराहे पर लोगों को समझाइश दी। इसके साथ ही लगभग 2 दर्जन लोगों का चालान काटकर उन्हें मास्क भी प्रदान किए।
संभागीय आयुक्त ने गश्त का ताजिया चौराहे पर स्थित बैंक सहित सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग के लिये गोले बनाने के भी निर्देश दिए। जन जागृति अभियान के तहत आम जनों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क पहनने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
