दूर तक गूँजती सायरन की धुन के बीच दिया संदेश कोरोना से बचने के लिए मास्क जरूर लगाएं

ग्वालियर वैश्विक महामारी कोरोना को हराने के लिए आज से ग्वालियर जिले में भी विशेष जागरूकता अभियान शुरू हुआ। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मंगलवार को प्रात: 11 बजे सायरन की आवाज सुनने के बाद उन्होंने व्हीआईपी सर्किट हाउस परिसर मुरार में आम जनों को मास्क वितरित किए। साथ ही आह्वान किया कि मास्क पहनकर खुद भी कोरोना से सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित करें।
इसी तरह महाराज बाड़ा पर ठीक प्रातः 11 बजे दूर तक गूँजती सायरन की धुन के बीच जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजनों ने मास्क लगाकर एवं सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मानव श्रृंखला बनाई। इस आयोजन के जरिए जिलेवासियों को संदेश दिया कि वैश्विक महामारी कोरोना फिर से पाँव पसार रही है इसलिए खुद भी मास्क लगाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। साथ ही सदैव एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें और अपने हाथों को नियमित रूप से सेनेटाइज करें अथवा साबुन से धोते रहें। कोरोना के खात्मे के लिए अपनी बारी आने पर कोरोना का टीका जरूर लगवाएँ।
महाराज बाड़ा पर आयोजित हुए जन जागरण कार्यक्रम में संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना, पुलिस महानिरीक्षक अविनाश शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा एवं सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं शहरवासी मौजूद थे।
इस अवसर प्रशासनिक अधिकारियों ने महाराज बाड़े पर बिना मास्क के घूम रहे लोगों को मास्क वितरित किये। साथ ही उन्हें समझाया कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना नितांत जरूरी है। महाराज बाड़े की दुकानों के सामने अधिकारियों द्वारा गोल घेरे भी बनवाये गए। दुकानदारों को सलाह दी गई कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपना कारोबार करें। साथ ही खुद भी मास्क लगाएं और ग्राहकों के भी लगवाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *