एलसीएल के अलमोरी प्रोजेक्ट में सीबीआई की छापेमारी, 9 बजे से अलग-अलग जगह पर कार्रवाई जारी, कोयला घोटाले की आशंका
भोपाल. सिंगरौली में एनसीएल (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के अमलोरी प्रोजेक्ट में सीबीआई टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। सीबीआई की टीम ने यहां सुबह करीब 9 बजे डेरा डाले हुए है। सीबीआई और सीएमपीडीआई के एक्सपर्ट्स सदस्यों की संयुक्त टीम ने सुबह के समय प्रोजेक्ट में कई अलग-अलग जगहों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की है। इसमें पुराने जीएम ऑफिस के पास स्थित स्टोर, सीएचपी के पास सेल्स डिपार्टमेंट के दफ्तर और कोयला के नापतौल करने वाले कांटा (वे-ब्रिज) में टीमें एक साथ पहुंचीं।
एक साथ प्रोजेक्ट के अलग-अलग दफ्तरों में कार्रवाई इतने गुपचुप तरीके से की गई कि इसकी भनक दफ्तर के बाहर के लोगों को काफी देर बाद लगी। दफ्तर में पहुंचते ही टीमों ने सभी प्रकार की गतिविधियों को अपने हाथ में ले लिया। टीम के सदस्य दस्तावेजों की छानबीन में जुटे रहे और जरूरत पड़ने पर पूछताछ भी करते रहे। यह कार्रवाई किस कारण से की गई है इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि अभी तक न तो एनसीएल प्रबंधन ने की है और न ही सीबीआई टीम की ओर से कोई जानकारी दी गई है।
कोयला घोटाले की आशंका
सीबीआई की इस छापामार कार्रवाई का कारण सूत्र कोयला घोटाले की ओर इशारा कर रहे है। जानकारों की मानें तो प्रोजेक्ट में कोयले की हेराफेरी का खेल कोई आज से नहीं बल्कि लंबे समय से चला रहा था। इस हेराफेरी में कोयले का बड़ा स्टॉक अवैध तरीके से प्रोजेक्ट के बाहर भेजने या फिर अन्य किसी तरीके से भी कोयले के नुकसान का अनुमतान लगाया जा रहा है। कई लोग समय पहले ही प्रोजेक्ट से ट्रांसफर कराकर जा चुके है लेकिन मामला सीबीआई के पास पहुंचने पर अब कलई खुलने लगी है। कुछ जिम्मेदारों की लापरवाही से कोलयार्ड से कोयले का काफी बड़ा स्टॉक जल गया है जिससे कोयले के प्रोडक्शन और डिस्पैच में बड़ा अंतर दिख रहा है।
दो ग्रुप में क्यों आयी है टीमें
इस छापामार कार्रवाई को अंजाम देने के लिए दो प्रकार की टीमें सीबीआई और सीएमपीडीआई के एक्सपर्ट्स की आयी है। इसका कारण बताया जा रहा है कि शिकायत तो सीबीआई के पास हुई है और कार्रवाई का नेतृत्व भी वहीं कर रही है लेकिन मामला कोल स्टॉक से जुड़ा है इसलिए कोयले की मात्रा जांचने-परखने के लिए एक्सपर्ट्स के तौर पर सीएमपीडीआई के एक्सपर्ट्स सदस्यों की टीम को भी इस जांच में शामिल किया गया है।
