कलेक्टरों को इलेक्शन मोड में आने का निर्देश, तारीखों का ऐलान जल्द

भोपाल. राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव तैयारियों की रविवार को समीक्षा की इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे इलेक्शन मोड में आ जाएं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी छोटी-छोटी खामियों को दूर कर लें क्योंकि छोटी सी गलती भी पाई जाती है तो माफ नहीं किया जाएगा।
बीपी सिंह ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति, नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए स्थान का चयन, आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सीसीटीवी और वीडियो कैमरे की व्यवस्था, मतदान के गठन के लिए सॉफ्टवेयर में त्रुटि रहित एंट्री और जिला स्तर पर क्रय की जाने वाली सामग्री की खरीदी तुरंत करें। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि निर्वाचन के संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के अंदर कर आयोग को सूचित करें।
बीपी सिंह ने आगे कहा कि शिकायतों का निपटारा करने के लिए अलग सेल की स्थापना और जांच दल गठित किया जाए। प्रशिक्षण के लिए 150 प्रतिशत और मतदान दल के लिए रिजर्व सहित 120 प्रतिशत अधिकारियों- कर्मचारियों की व्यवस्था करें। राज्य निर्वाचन आयुक्त पहले ही स्पष्ट कर चुके है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान चुनाव नहीं कराए जाएंगे। मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 अप्रैल से 18 मई तक होंगी। ऐसी दशा में चुनाव या तो 20 अप्रैल से पहले या मई के तीसरे सप्ताह में कराए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *