सवारी वाहनों में निर्धारित संख्या में ही लोग सफर करें, यह सुनिश्चित हो – कलेक्टर
ग्वालियर सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियाँ न बैठें, यह सुनिश्चित किया जाए। सवारियों को लेकर चलने वाले वाहनों की फिटनेस भी चैक की जाए। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अचानक बस स्टेण्ड पहुँचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण और दिए आवश्यक निर्देश । उनके साथ परिवहन अधिकारी एसपीएस चौहान, परिवहन विभाग के सहायक श्री राजौरिया और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा है कि ग्वालियर बस स्टेण्ड से विभिन्न स्थानों पर जाने वाली बसों में निर्धारित संख्या में ही सवारियां जाएँ, यह सुनिश्चित किया जाए। क्षमता से अधिक सवारियों को ले जाने वाले बस संचालकों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। सभी सवारी वाहनों की फिटनेस का परीक्षण करने का कार्य परिवहन विभाग करे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि वाहनों के प्रदूषण की भी गंभीरता से जांच की जाना चाहिए।
परिवहन अधिकारी एसपीएस चौहान ने कलेक्टर को आश्वस्त किया कि ग्वालियर बस स्टेण्ड से चलने वाली सभी बसों की फिटनेस एवं प्रदूषण की जाँच समय – समय पर विभाग द्वारा कराई जा रही है। सवारी वाहन में निर्धारित संख्या में ही सवारियां बैठाई जाएँ, इस पर भी निगरानी की जा रही है। संख्या से अधिक सवारी लेकर चलने वाले वाहन संचालकों के विरूद्ध विभाग द्वारा दण्डात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
