पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा 10-15 मिनट लिफ्ट में फंसे
ग्वालियर. सोमवार की शाम को पूर्व गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट में फंस गये। वह जयेन्द्रगंज में इग्लिश कोचिंग क्लासेस की नयी ब्रांच का उद्घाटन करने पहुंचे। पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर जाते वक्त लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर तकनीकी खराबी की वजह से अटक गयी। लगभग 10 से 15 मिनट बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
‘‘ग्वालियरी नम्बर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’’ की नयी ब्रांच का शुभारंभ लश्कर इलाके के जयेन्द्रगंज स्थित संजय कॉम्पलेक्स के सामने वाली बिडिंग में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बतौर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा थे। वह शाम को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिये लिफ्ट में सवार हुए।
10 से 15 मिनट बाद सुरक्षित निकाला
कर्मचारियों ने तुरंत लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद दरवाजा खोलकर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान आयोजक, पूर्व गृहमंत्री के सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी परेशान रहे। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
लिफ्ट से बाहर आने के बाद डॉ. मिश्रा ने कोचिंग संस्थान का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो और वीडियो शेयर किए। उन्होंने इस कोचिंग को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक बेहतर विकल्प बताया। वहीं, लिफ्ट में फंसने और बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
