ग्वालियर में जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत: ₹8 करोड़ की जमीन को लेकर भिड़े दो पक्ष
ग्वालियर जिले के डबरा के टेकनपुर में शुक्रवार शाम जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें संदीप परिहार की मौत हो गई। संदीप भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य आलोक शर्मा के भाई नवीन शर्मा का कर्मचारी था। उसके पेट में चार गोलियां लगी थीं। दूसरे पक्ष के एक युवक के भी घायल होने की जानकारी है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विवाद हाईवे से लगी 4 बीघा जमीन को लेकर था, जिसकी कीमत करीब 8 करोड़ रुपए बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक, मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस को घटनास्थल पर मौजूद थार गाड़ी से करीब 50 कारतूस मिले हैं।

बाउंड्री वॉल के दौरान विवाद बढ़ा और गोलीबारी शुरू हो गई
टेकनपुर बस स्टैंड के पास पुरानी रोड पर स्थित इस जमीन को लेकर नवीन शर्मा और श्याम गुर्जर के बीच विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, नवीन शर्मा का इस जमीन पर पिछले तीन वर्षों से कब्जा था। शुक्रवार को जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान श्याम गुर्जर पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और गोलीबारी शुरू हो गई।

संदीप परिहार को पुलिस ग्वालियर लेकर पहुंची, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
गोलीबारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संदीप परिहार स्कूल के अंदर घायल अवस्था में मिला। उसके पेट में चार गोलियां लगी थीं। पुलिस उसे ग्वालियर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे पक्ष के एक युवक को भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल पर मिली थार जीप पर गोलियों के निशान थे। पुलिस ने गाड़ी से करीब 50 कारतूस बरामद किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों के मुताबिक, मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। घटना के बाद एसपी धर्मवीर सिंह यादव और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

