बिलौआ में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन जब्त
ग्वालियर. कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 5 अक्टूबर 2026 की रात खनिज, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की।
बिलौआ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन की रोकथाम के लिए स्थापित चेकपोस्ट पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज का परिवहन पाया गया। इस पर संबंधित वाहनों को जब्त कर थाना प्रभारी बिलौआ की अभिरक्षा में जांच पूरी होने तक सुरक्षित रखवाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 12 वाहनों को जब्त कर थाना प्रभारी बिलौआ की सुपुर्दगी में रखा गया। प्रशासन द्वारा अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
दस्तावेज नहीं मिले, थाना परिसर में रखवाए वाहन
चेकिंग के दौरान कुछ डंपरों में गिट्टी के परिवहन की रॉयल्टी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले, जबकि कुछ वाहन क्षमता से अधिक गिट्टी से भरे पाए गए। सभी 12 वाहनों को जब्त कर बिलौआ थाना परिसर में रखवाया गया है। वाहनों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम ने बिलौआ चेक पोस्ट का निरीक्षण कर वाहनों की एंट्री का रजिस्टर भी देखा। उन्होंने वहां तैनात स्टाफ को निर्देश दिए कि वाहनों की जांच और एंट्री में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गलत तरीके से वाहन निकलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
