वन्यप्राणी संरक्षण का संदेश -15 स्कूलों के करीब 200 विद्यार्थियों ने लिया भाग
ग्वालियर। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में नगर निगम ग्वालियर द्वारा गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में वन्यप्राणी सप्ताह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। वन्यप्राणियों के प्रति आमजन एवं विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज 4 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 -12 बजे तक गांधी प्राणी उद्यान में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘वन्यप्राणी संरक्षण’ रखा गया था। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 1 से 12वीं तक के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, जंगलों की सुरक्षा तथा वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। नन्हे विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने वन्यजीवों एवं प्रकृति से जुड़े विभिन्न विषयों को अपनी चित्रकला में स्थान दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों के संरक्षण की आवश्यकता तथा पर्यावरण संतुलन में वन्यजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी गई। वन्यप्राणी सप्ताह का उद्देश्य बच्चों एवं नागरिकों को वन्यजीवों और प्रकृति के करीब लाकर उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। निगम द्वारा सप्ताह भर आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ‘वन्यप्राणी बचाएं, प्रकृति बचाएं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखें’ का संदेश दिया जा रहा है।
चिड़ियाघर के आसपास बच्चों को कराया जाएगा बर्ड वॉचिंग
वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत 5 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे गांधी प्राणी उद्यान के आसपास बच्चों के लिए बर्ड वॉचिंग (पक्षी परीक्षण/पक्षी अवलोकन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों को विभिन्न पक्षियों की पहचान, उनके प्राकृतिक आवास, व्यवहार तथा पर्यावरण में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी जाएगी।
