रौरा में जन-विश्वास शिविर :कलेक्टर ने आंगनबाड़ी, स्कूल और निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का किया निरीक्षण, 98 प्रकरणों का मौके पर निराकरण

ग्वालियर. मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत प्रत्येक सप्ताह जिले में आयोजित किए जा रहे जन-विश्वास शिविरों की कड़ी में शनिवार को जिला स्तरीय शिविर मुरार विकासखंड के ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित किया गया। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित होकर शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण भी किया। शिविर में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। 60 से अधिक किसानों को खसरा-खतौनी में संशोधन कर उसकी नकल भी शिविर में प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित शिविर में कलेक्टर रुचिका चौहान जिले के अधिकारियों के साथ पहुँचीं और उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय विद्यालय के साथ-साथ पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्कूल प्रांगण में आयोजित शिविर में 129 ग्रामीणजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए जिनमें से 98 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित कर विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अतुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अनेक प्रकार की सहायता मुहैया कराई जा रही है। हम सबको चाहिए कि हम शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं अपने आप को आर्थिक रूप से मजबूत करें और अपने रोजगार के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार मुहैया कराएं। कलेक्टर चौहान ने शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगाए गए अपने-अपने विभाग के काउण्टरों के माध्यम से किए जा रहे निराकरण का भी अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *