गांधी प्राणी उद्यान में वन्यप्राणी सप्ताह -कक्षा 1 से 12 तक के 80 विद्यार्थियों ने चिड़ियाघर किया भ्रमण

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अक्टूबरको स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए गांधी प्राणी उद्यान के भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भ्रमण के दौरान कक्षा 1 से 12वीं तक के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने गांधी प्राणी उद्यान का भ्रमण किया। विद्यार्थियों को चिड़ियाघर में मौजूद विभिन्न वन्यप्राणियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें वन्यजीवों की जीवनशैली, खान-पान, रहन-सहन, व्यवहार तथा उनके प्राकृतिक आवास के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। साथ ही वन्यजीवों की विलुप्त हो रही प्रजातियों तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने वन्यप्राणियों को नजदीक से देखकर उनके संबंध में जानकारी प्राप्त की और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विषयों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
गौरतलब है कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा गांधी प्राणी उद्यान में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यप्राणी सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीवों के संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।नगर निगम द्वारा विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रतियोगिता एवं वन्यप्राणी सप्ताह की गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि नई पीढ़ी में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित होने के साथ-साथ उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
4 अक्टूबर को होगी चित्रकला प्रतियोगिता
वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत 4 अक्टूबर को गांधी प्राणी उद्यान में प्रातः 9 से 11 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्राथमिक, मिडिल एवं हायर एजुकेशन स्तर के कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। चित्रकला प्रतियोगिता के लिए गांधी प्राणी उद्यान की ओर से ड्रॉइंग शीट उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि प्रतिभागियों को कलर, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक सामग्री स्वयं लानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *