परीक्षा देकर निकले ITM छात्र को कुचलकर अज्ञात वाहन मौके से हुआ फरार, पुलिस सीसीटीवी तलाशने में जुटी


ग्वालियर. झांसी-ग्वालियर हाइवे पर सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में आईटीएम यूनिवर्सिटी के बीबीए के फर्स्ट सेमेस्टरके 20 वर्षीय छात्र अमित राजपूत की मौत हो गई । परीक्षा देने के बाद यूनिवर्सिटी के सामने सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल को अमित को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां देर रात उपचार के बीच उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाश रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि छात्र को टक्कर मारने वाला वाहन डम्पर हो सकता है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मुरैना रवाना हो गये।
मुरैना से प्रतिदिन करता अप-डाउन
अमित राजपूत पुत्र बंटी राजपूत मुरैना के महाराजपुरा गांव का रहने वाला था। उसके पिता किसान है। अमित परिवार का इकलौता बेटा था। पिता ने बेहतर भविष्य के लिये उसका दाखिला ग्वालियर की आईटीएम यूनिवर्सिटी में करवाया था। उनका सपना था कि बेटा उच्च शिक्षा लेकर मल्टीनेशनल कम्पनी में बड़ा अधिकारी बने।
अमित की एक बड़ी बहन है। उसकी सगाई हो चुकी है और मार्च 2027 में शादी तय है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
CCTV फुटेज से वाहन की तलाश
हादसे के बाद राहगीरों ने घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अब पुलिस ITM यूनिवर्सिटी के आसपास और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारकर भागे वाहन और चालक की पहचान हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *