गणेश विसर्जन करने आये 3 युवक नदी में डूबे, एसडीआरएफ चला रही रेस्क्कयू ऑपरेशन

भिंड. उमरी थाना इलाके कनावर गांव में शुक्रवार की शाम गणेश विसर्जन के बीच क्वांरी नदी में 3 युवक डूब गये। घटना शाम लगभग 4.30-5 बजे के बीच हुआ है। तीनों युवकों की आयु 16-17 साल के बीच बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये।
पुलिस के अनुसार कनावर गांव में गणेशोत्सव चल रहा था। शुक्रवार को हवन-पूजन के बाद ग्रामीण गणेश प्रतिमा लेकर क्वांरी नदी पहुंचे थे। इस बीच युवाओं की टोली भी प्रतिमा लेकर नदी पर पहुंची। विसर्जन के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे भाग में चले गये और पानी में डूब गये। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवकों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद तैना जानने वाले ग्रामीण नदी में उतरे और उन्हें तलाशने का प्रयास किया। लेकिन कामयाबी नहीं। ग्रामीणों के अनुसार जिस जगह पर युवक पानी में उतरे थे, वहां पानी गहरा था। डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है। तीनों कनावर गांव के रहने वाले हैं।
SDRF की टीम खोजने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की जानकारी ली। नदी का बहाव तेज होने के कारण युवकों की तलाश में परेशानी आ रही है।पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया है। टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।हादसे के बाद कनावर गांव में गणेश विसर्जन की खुशियां मातम में बदल गईं। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। परिजन युवकों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
