ग्वालियर के नए ISBT में राजस्थान रोडवेज की एंट्री, जयपुर-भरतपुर समेत कई शहरों के लिए बसें शुरू
ग्वालियर. जलालपुर स्थित नए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) से राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो गया है। पहले चरण में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की पांच बसों को नए टर्मिनल से रवाना किया गया। अब राजस्थान से आने वाली रोडवेज बसें भी नए ISBT पहुंचेंगी और निर्धारित मार्गों के लिए यहीं से संचालित होंगी। इससे राजस्थान के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए ग्वालियर से सीधी बस कनेक्टिविटी मिलेगी।
आने वाले समय में 10 अतिरिक्त बसें शुरू किए जाने की संभावना
शुरुआती व्यवस्था में ग्वालियर से जयपुर के लिए प्रतिदिन एक से दो बसें, धौलपुर के लिए एक से दो बसें तथा महावीरजी-भरतपुर और अन्य मार्गों के लिए प्रतिदिन एक बस संचालित की जा रही है। इसके अलावा आगरा, दिल्ली, कैलादेवी और अलीगढ़ के लिए भी बस कनेक्टिविटी का प्रविधान किया गया है। यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर आने वाले समय में 10 अतिरिक्त बसें शुरू किए जाने की संभावना है। राजस्थान रोडवेज की बस सेवा शुरू होने से ग्वालियर और आसपास के अंचल के यात्रियों, श्रद्धालुओं तथा व्यापारियों को जयपुर, धौलपुर, भरतपुर, महावीरजी और कैलादेवी जैसे प्रमुख शहरों व धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
राजस्थान रोडवेज की बसों के टिकट नए
आइएसबीटी परिसर स्थित टिकट काउंटर से लिए जा सकेंगे। इसके अलावा राजस्थान रोडवेज की आनलाइन आरक्षण सुविधा से अग्रिम टिकट बुकिंग की जा सकती है। बसों के समय और मार्ग से संबंधित जानकारी के लिए धौलपुर आगार के हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू
आइएसबीटी से राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो गया है, शुरू में यात्री कम हैं यह धीरे धीरे बढ़ेंगे। इसके अलावा अन्य रूटों की बसों को भी लगातार आइएसबीटी से होकर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। विक्रमजीत सिंह कंग, आरटीओ ग्वालियर
