ग्वालियर के श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास में 11 अक्टूबर को मतदान, निर्वाचन अधिसूचना जारी
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी समिति के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। न्यास के सदस्यों का मतदान 11 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होकर रात्रि में परिणाम आने तक जारी रहेगी।
निर्वाचन कार्यालय संत निवास के प्रथम तल पर स्थापित किया गया है। न्यास के सदस्यों की मतदाता सूची का प्रकाशन 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे किया गया। मतदाता सूची पर दावे-आपत्तियां 23 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार की जाएंगी। इन दावों-आपत्तियों का समाधान उसी दिन दोपहर 3 से 5 बजे के बीच किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 23 सितंबर को शाम 7 बजे होगा।
प्रत्याशियों के नामांकन आवेदन फॉर्म 25 सितंबर को शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। पदाधिकारियों के लिए नामांकन शुल्क 5400 रुपये तथा कार्यकारिणी समिति के लिए 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। यह शुल्क वापस नहीं होगा।
नामांकन फॉर्म की वापसी 28 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की जा सकेगी। इसके लिए प्रत्याशी को स्वयं उपस्थित होकर लिखित आवेदन, नोटरी द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र तथा फोटोयुक्त एक पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों की सूची 30 सितंबर को सुबह 9 बजे प्रकाशित की जाएगी।
