इमरती देवी ने मंच पर बैठे लोगों को बताया ‘हत्यारा’, भाजपा सांसद के बुलाने पर भी नहीं गईं मंच पर

ग्वालियर. पूर्व मंत्री इमरती देवी ने ग्वालियर में आयोजित एक कार्यक्रम में मंच पर बैठे लोगों को ‘हत्यारा’ और ‘हत्या के आरोपी’ बताया। खास बात यह रही कि सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने खुद उन्हें मंच पर बुलाया, लेकिन इमरती देवी मंच पर नहीं गईं और कार्यकर्ताओं के बीच बैठी रहीं। मामला सेवा संकल्प अभियान के तहत जलसा गार्डन में आयोजित ‘मेरा सपनों का भारत—चित्र सेवा’ कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के मंच पर लगे बैनर में भी इमरती देवी की तस्वीर नहीं थी। कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा मंच से उठकर माइक पर आए और इमरती देवी को मंच पर आने के लिए बुलाया। इसके बावजूद इमरती देवी मंच पर नहीं गईं। उन्होंने कहा कि वह किसी से नाराज नहीं हैं। वह खुद को भाजपा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार्यकर्ता मानती हैं और कार्यकर्ताओं के बीच बैठना पसंद करती हैं।

इमरती देवी मंच पर नहीं गई। कार्यकर्ताओं के साथ बैठी। - Dainik Bhaskar
इमरती देवी ने कहा मंच पर हत्यारे बैठे हैं
मंच पर बैठे लोगों को लेकर इमरती देवी ने कहा, “मंच पर हत्यारे और हत्या के आरोपी भी बैठे हुए हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के साथ मंच साझा करने पर सवाल उठाया और कहा कि वह अच्छे लोगों के साथ बैठना पसंद करती हैं। पोस्टर-बैनर में फोटो नहीं होने और मंच पर नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, मैं अपनी मर्जी की मालिक हूं। उन्होंने यह भी कहा, समय सबका बदलता है, पहले किसी और का था, अब किसी और का है और आगे किसी और का होगा।
जीतू राजा की ओर इशारा माना जा रहा
इमरती देवी ने मंच पर मौजूद लोगों को बड़े लोग बताते हुए मंच के पीछे बैठे नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी राजा के बेटे जीतू राजा पर भी इशारा किया। उन पर 2021 में हत्या का मामला दर्ज होने की बात कही गई है। इमरती देवी और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच राजनीतिक अदावत भी रही है। इसलिए उनके बयान को जीतू राजा से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस मामले में है हत्या का आरोपी
18 नवंबर 2021 को डबरा थाना क्षेत्र के इस्लामपुर में हुए विवाद में कमल सिंह गुर्जर की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में कुल 13 लोगों पर हत्या का अपराध दर्ज हुआ था, जिसमें बंटी उर्फ जीतू राजा भी आरोपी था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *