ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे शुरू, लखनऊ का सफर होगा तेज और आसान

ग्वालियर. ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ तक का सफर अब पहले से और ज्यादा आरामदायक और आसान हो गया है। इतना ही नहीं ग्वालियर से भिंड, इटावा और कानपुर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्वालियर से होकर उत्तर प्रदेश की सीमा तक जाने वाला 108 किमी लंबा 2 लेन नेशनल हाईवे एनएच-719 बनकर तैयार हो चुका है और इस पर से आवागमन भी शुरू हो गया है, हालांकि अभी 2 लेन हाईवे शुरू हुआ है लेकिन अब इसे फोरलेन में बदलने का काम भी शुरू हो गया है और फोरलेन बनने के बाद सफर और भी ज्यादा आसान हो जाएगा।
साढे 5 घंटे में होगा सफर पूरा
ग्वालियर से लखनऊ के बीच की दूरी 330 किमी है और पहले इन दो शहरों के बीच का सफर तय करने में 8 से 9 घंटे का समय लगता था लेकिन नए 2 लेन वाले नेशनल हाईवे क्रमांक-719 के शुरू होने के बाद अब इन दोनों शहरों के बीच का सफर 3 से साढे 3 घंटे घटकर साढे 5 घंटे रह गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्वालियर से शुरू हुआ नया एनएच-719 सीधा उत्तर प्रदेश के आगरा से लखनऊ एक्सप्रेस वे से जुडता है। इसके सीधे आगरा से लखनऊ एक्सप्रेस वे से जुडने के कारण वाहन नॉन स्टॉप तरीके से लखनऊ की तरफ निकल जाते है।
2 घंटे में ग्वालियर से इटावा पहुंचेंगे
इस नए 2 लेन हाईवे के शुरू होने के बाद ग्वालियर से लखनऊ का सफर तो आसान हुआ ही साथ ही ग्वालियर से इटावा का सफर भी बेहद आसान हो गया है। ग्वालियर से इटावा के बीच की 115 किमी की दूरी अब महज दो घंटे में पूरी हो रही है जबकि पहले इसी दूरी को तय करने में 4 से 5 घंटे का समय लगता था। बता दें कि पहले ग्वालियर से इटावा तक सिंगल लेन सडक थी जो अब 2 लेन में अपग्रेड हो गई है। इस हाईवे के बनने से ग्वालियर की भिंड, इटावा के अलावा कानपुर, आगरा, मथुरा और कोटा से भी बेहतर कनेक्टिविटी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *