कॉम्बिंग गश्त में 197 फरार वारंटी गिरफ्तार एवं 282 गुण्डे-हिस्ट्रीशीटर की हुई चेकिंग

ग्वालियर। कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 21/22 अगस्त की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया। इस दौरान अति0 पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(भापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. श्री शिवेश सिंह बघेल(रापुसे), अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर(रापुसे) एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया।
अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
इस दौरान पुलिस ने जिले में कुल 93 स्थाई वारंट, 104 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 140 गुण्डा एवं 142 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के थाना हजीरा एवं थाना महाराजपुरा में 01-01 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया । कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *