बिहार के लखीसराय में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत

बिहार. बिहार के लखीसराय में सोमवार को भगदड़ मच गई। हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई। 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया। इसके बाद अफवाह फैली कि लोगों पर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया, जबकि वह सिर्फ एक केबल वायर (डिश/इंटरनेट का तार) था। पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन पर पड़ा, जिससे वे एक-दूसरे पर गिर गईं। चार मृतकों की पहचान हुई है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर की रिंकू देवी हैं। वहीं घायलों में लखीसराय की मौसम कुमारी, मुस्कान कुमारी, ममता देवी, रीना कुमारी, शिवानी कुमारी शामिल हैं। पटना मोकामा की विमला देवी और बाढ़ की कबीला देवी भी घायल हुईं हैं।

भगदड़ की वजह से बैरिकेडिंग टूट गई। लोग दूसरे रास्ते से जाते दिखे।
अफवाह फैली कि लोगों पर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया
लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा, ‘भक्तों की लाइन मंदिर से अशोक धाम स्टेशन तक पहुंच गई थी। वहां दो ट्रेनें आकर रुकीं। अचानक वहां एक बिजली का खंभा गिर गया। ये पोल पुरुषों की लाइन की तरफ था। इसके बाद अफवाह फैली कि लोगों पर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया, जबकि वह सिर्फ एक केबल वायर (डिश/इंटरनेट का तार) था। अफवाह के चलते पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन पर पड़ा, जिससे महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। पुलिस-प्रशासन सुबह 3 बजे से ही वहां मौजूद था, लेकिन हादसा अचानक 2 मिनट के अंदर हो गया। अधिकारी सदर अस्पताल में मौजूद हैं। हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं हैं।

घायलों को सदर अस्पताल लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *