ग्वालियर में मीटर रीडिंग लेने आए बिजली कर्मचारी पर मकान मालिक ने छोड़े 3 खूंखार कुत्ते, FIR दर्ज

ग्वालियर. ग्वालियर शहर में एक मकान मालिक ने बिजली रीडिंग लेने आए कर्मचारी पर अपने पालतू कुत्तों को छोड़कर हमला कर दिया। इस घटना में बिजली विभाग का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना हजीरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की है। बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी रविंद्र सिंह राजावत बिरू तोमर के घर मीटर रीडिंग लेने पहुंचे थे। जैसे ही रविंद्र ने रीडिंग लेने के लिए कदम बढ़ाया, बिरू ने पूछा कि क्या वह बिजली विभाग से हैं। कर्मचारी ने हां कहा, तभी मकान मालिक ने गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद वह अपने तीन पालतू कुत्तों- पिटबुल, रोडबिलर, जर्मन शेफर्ड को लेकर बाहर आया और उन पर रविंद्र पर छोड़ दिया। कुत्तों ने रविंद्र को काटकर लहूलुहान कर दिया।
आरोपी बिरू तोमर की तलाश जारी
घायल रविंद्र ने घटना की जानकारी अपने अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों को दी। जब बिजली विभाग का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा, तो आरोपी बिरू ने उन्हें भी गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घायल कर्मचारी रविंद्र राजावत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी बिरू तोमर की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर किया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस घटना की निंदा की है और कहा है कि ऐसे हमलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की घटनाएं न केवल कर्मचारियों के लिए खतरनाक हैं, बल्कि समाज में कानून व्यवस्था को भी चुनौती देती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *