स्वतंत्रता दिवस के पहले पुलिस चैकिंग में दबोचे 190 बदमाश, 252 बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, होटल-लॉज किये चैक
ग्वालियर. स्वतंत्रता दिवस को मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि में पूरे जिले में चंकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह की अगुआई में शहर-देहात की पुलिस टीमों ने रातभर कार्यवाही की। पुलिस की कार्यवाही में 190 बदमाश गिरफ्तार किये गये, जबकि 252 गुण्डों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति और गतिविधियों की जांच की गयी।
रातभर चले इस अभियान में पुलिस न लम्बे समय से फरार चल रहे आरोपियों को दबोचा है। पुलिस टीमों ने 92 स्थाई वारंटियों और 98गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा गया है। इसके अलावा 128 पहले से दर्ज गुण्डों और 124 हिस्ट्रीशीटरों कुल (252) के ठिकानों पर अचानक पहुंचकर उनकी लोकेशन और गतिविधियों की जांच की।
एसएसपी-एएसपी ने संभाली कमान, होटल-लॉज जांचे
कॉम्बिंग गश्त का नेतृत्व एसएसपी धर्मवीर सिंह ने किया। उनके साथ एएसपी सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और जयराज कुबेर ने अपने-अपने इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। टीमों ने शहर के बेहद संवेदनशील इलाकों, बैंकों, एटीएम, धर्मशालाओं, हाईवे के ढाबों और होटल-गेस्ट हाउस के एंट्री रजिस्टर चेक किए। साथ ही जेल से हाल ही में छूटे और जिला बदर आरोपियों के घरों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी की भी जांच की गई।
सड़कों पर बिना वजह घूम रहे युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की और उनके परिजनों को फोन कर रात में बाहर होने की जानकारी दी। पूछताछ में पकड़े गए ज्यादातर युवक शहर से बाहर के रहने वाले निकले।

