नगर निगम की बैठक में विशेष बैठक में हंगामा, आसंदी पर बैठने को लेकर भाजपा-कांग्रेस पार्षद आमने-सामने भिड़े

ग्वालियर. नगर निगम परिषद की विशेष बैठक के बाद शहर की बदहाल सीवर व्यवस्था, जलभराव और पेयजल संकट को लेकर भी सदन में हंगामा हुआ। मानसून की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और सीवर उफनने की समस्या को लेकर भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास, आशा चौहान और सुरेश सोलंकी सदन में धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने आरोप लगाया कि हर साल बारिश में ऐसे हालात बनते हैं, लेकिन निगम प्रशासन स्थायी समाधान के बजाय औपचारिक निरीक्षण और फोटो सेशन तक सीमित रहता है। उनका कहना था कि जिन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी है, वहां अधिकारी पहुंच नहीं रहे हैं। बैठक शुक्रवार को जलबिहार स्थित परिषद सभागार में हंगामे के साथ शुरू हुई। बैठक के दौरान आसंदी पर बैठने के अधिकार को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के पार्षद आमने-सामने आ गये। कांग्रेस पार्षर्दो ने नियमावली पढ़कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि आसंदी पर बैठने का हक किसे है। वहीं, बीजेपी पार्षदों का कहना था कि जो सदस्य आसंदी पर बैठ चुका है। उसे वहां से हटाया नहीं जा सकता, देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोंक शुरू हो गयी ।विवाद इतना बढ़ा कि पार्षद आसंदी के आमने-सामने आ गये और एक-दूसरे के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। स्थिति कुछ देर के लिये हाथापाई की नौबत तक पहुंच गयी थी। हालांकि मामले आगे नहीं बढ़ पाया।
