ड्राइवर ने रास्ते में गाड़ी रोककर की ईओ की हत्या, पुलिस के सामने ड्राइवर ने स्वीकार किया जुर्म
पटना. सासाराम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) की हत्या के मामले में पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मगध के आईजी विकास वैभव ने बताया है कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि ईओ की हत्या उनके ही ड्राईवर मिथिलेश कुमार ने की थी। पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने हत्या का जुर्म स्वीकार किया है।
इस पूरे मामले में पुलिस को सबसे पहले ड्राइवर मिथिलेश कुमार के बयान पर शक हुआ। घटना के बाद ड्राइवर ने पुलिस को बताया था कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में गाड़ी रोककर ईओ के साथ मारपीट की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन जांच के बीच पुलिस ने देखा कि घटना के समय गाड़ी में मौजूद ड्राइवर के शरीर पर एक भी चोट या खरोंच के निशान नहीं थे। पुलिस के सामने सवाल था कि अगर अपराधियों ने गाड़ी रोककर हमला किया था तो ड्राइवर को कोई नुकसान क्यों नहीं हुआ। यहीं से पुलिस का शक ड्राइवर पर गहरा गया।
क्यों की EO की हत्या?
ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन भी दिन में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद रात में जब दोनों गाड़ी से पटना की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में फिर विवाद हुआ.ड्राइवर के मुताबिक, उसने गाड़ी रोककर पेशाब करने जाने की बात कही थी, लेकिन EO ने गाड़ी नहीं रोकने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। इसके बाद उसने गाड़ी रोक दी और गाड़ी में रखी रॉड से हमला कर दिया.पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर ने बताया कि पहले उसने गाड़ी के अंदर से रॉड से वार किया. इसके बाद जब EO नीचे उतरे तो उसने कई बार रॉड से हमला किया. घटनास्थल पर मिले खून के निशान और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।

