भोपाल में पुलिस और हजारों किसान आमने-सामने, CM हाउस घेरने पहुंचे

भोपाल. मध्यप्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे करीब 2 हजार किसान अब होशंगाबाद रोड पर पुलिस के सामने हैं। मुख्यमंत्री आवास घेरने जा रहे किसानों को रोकने के लिए वीर सावरकर सेतु के पहले भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यहां पुलिस और किसान आमने-सामने आ गए हैं। किसान नेताओं का कहना है कि वे सीएम हाउस के सामने डेरा डालेंगे और मांगें पूरी होने तक वापस नहीं लौटेंगे। इससे पहले 11 मील बायपास पर पुलिस और किसानों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर धक्का-मुक्की हुई थी। किसान बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए थे। किसानों के कूच को देखते हुए होशंगाबाद रोड पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। ट्रैफिक डायवर्जन के कारण कटारा हिल्स रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। आंदोलनकारी सात दिन का राशन-पानी साथ लेकर आए हैं।

किसानों ने होशंगाबाद रोड पर डेरा डाल लिया है। वे बुधवार सुबह आगे बढ़ेंगे।
भोपाल कूच के दौरान किसान नेता ने सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसान कोई अपराध नहीं कर रहे हैं, बल्कि देश का पेट भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद पदाधिकारियों को डिटेन किया गया और जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए। उन्होंने मूंग खरीदी और एमएसपी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों की पूरी मूंग नहीं खरीदी जा रही। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में एमएसपी थी, है और रहेगी कहा गया, तो किसानों को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा।

किसान बीच सड़क पर ही दाल बाटी बना रहे हैं। वे साथ में राशन लेकर आए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *