कॉम्बिंग गश्त-222 फरार स्थाई एवं वारंटियों को गिरफ्तार, 270 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक
ग्वालियर। कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर 08/09 जुलाई की दरमियानी रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग गश्त किया गया।
ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
इस दौरान पुलिस ने जिले में कुल 103 स्थाई वारंट, 119 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 147 गुण्डा एवं 123 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध हथियार का थाना मोहना में 01 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा इस दौरान धारा 107/116 जाफौ में 22 कार्यवाहियां की गई।

