अचलेश्वर मंदिर के पास बनी मजार निर्माण पर विवाद, विहिप-बंजरंगदल और पुलिस और प्रशासन आमने-सामने

ग्वालियर. शहर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर के नजदीक बनी मजार निर्माण को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप), बजरंग दल और अन्य हिन्दू संगठनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कर प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां से मजार हटाने की माग करते हुए जमकर नारेबाजी की है।
वहां पर मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर हालात को काबू में रखा गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्यवाही की मांग की और चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो आन्दोलन का और तेज किया जायेगा।
अवैध निर्माण कर बनाई बाउंड्रीवॉल
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजू गोस्वामी ने बताया कि अचलेश्वर मंदिर की भूमि पर दरगाह का अवैध निर्माण किया गया है और बाउंड्रीवॉल भी बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि यह जगह मंदिर परिषद की है। गोस्वामी ने कहा कि इसी अवैध निर्माण को हटाने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं।
गोस्वामी ने आगे कहा कि विरोधियों द्वारा हिंदू धार्मिक स्थलों के पास दरगाह आदि का निर्माण किया जाता रहा है, और अचलेश्वर मंदिर की जमीन पर भी ऐसा ही निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि इसे तुरंत रोका जाए और अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन उग्र रूप ले सकता है। मौके पर पहुंचे कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ता यहां एकत्रित हुए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। अधिकारियों द्वारा जो भी निष्कर्ष निकाला जाएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *