सुपर ओवर में रोमांचक जीत के साथ राइजिंग स्टार बनी ग्वालियर एलीट प्रीमियर लीग 2026 की चैंपियन

ग्वालियर. ग्वालियर एलीट प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। सुपर ओवर तक पहुंचे इस मुकाबले में राइजिंग स्टार टीम ने ग्वालियर ग्लैडिएटर को हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच के आखिरी क्षण तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार ने 94 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में ग्वालियर ग्लैडिएटर ने निर्धारित ओवरों में 93 रन बनाकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां राइजिंग स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि मितेंद्र दर्शन सिंह जीनो ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और खेल भावना की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
टूर्नामेंट के प्रमुख पुरस्कार इस प्रकार रहे:
विजेता टीम – राइजिंग स्टार
उपविजेता – ग्वालियर ग्लैडिएटर
मैन ऑफ द टूर्नामेंट – वीर प्रताप
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज – राज सिंह
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज – व्योम
सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक – वंश
सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर – काजल
जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां अंश को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, विराट को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक तथा कार्तिक गुप्ता को टूर्नामेंट का उभरता खिलाड़ी चुना गया। पूरे टूर्नामेंट का सफल आयोजन ग्वालियर एलीट अकादमी के मुख्य कोच आनंद सिंह एवं अभय जादौन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *