प्रधानमंत्री ने ग्वालियर सहित देशभर के कर्मचारियों व नियोक्ताओं के खातों में पहुँचाई 2400 करोड़ रुपए की धनराशि
ग्वालियर -युवाओं के लिये रोजगार सृजन, उन्हें औपचारिक रोजगार से जोड़ने और सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” के तहत शुक्रवार 19 जून को देशभर में 200 स्थानों पर हुए कार्यक्रमों के साथ ग्वालियर में भी आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम से इस योजना के तहत देशभर के लाभार्थियों के खातों में 2400 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि अंतरित की। जिसमें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर से जुड़े कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के खातों में पहुँची लगभग 4 करोड़ रुपए की धनराशि शामिल है। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्वालियर सहित देश भर में 200 स्थानों पर आयोजित हुए कार्यक्रमों में मौजूद लाभार्थियों व नियोक्ताओं को संबोधित किया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय भविष्य निधि संगठन के तत्वावधान में प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान, क्षेत्रीय आयुक्त कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ग्वालियर सत्यवर्धन गौतम, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय मंचासीन थे। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आयोजित हुए प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में लाभार्थी कर्मचारियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों व नियोक्ताओं ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने मजबूत आधार दिया है – विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री दूरदृष्टि के धनी है। प्रधानमंत्री ने आज के साथ देश के उदयीमान कल का निर्माण करने के लिये प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण को क्रांतिकारी योजनाओं के माध्यम से मजबूत आधार दिया है।
हर पात्र कर्मचारी को दिलायेंगे योजना का लाभ – कलेक्टर
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना ने कर्मचारियों के हितों का संरक्षण करने के साथ-साथ नियोक्ताओं को भी अपने कामगारों को इनसेंटिव देने के लिये प्रोत्साहित किया है। अब नियोक्ताओं का दायित्व है कि वे अपने शतप्रतिशत कर्मचारियों को इस योजना का लाभ दिलाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 तक योजना का लक्ष्य प्राप्त करने में जिला प्रशासन का हर संभव सहयोग मिलेगा।
क्षेत्रीय आयुक्त कर्मचारी भविष्य निधि संगठन सत्य वर्धन गौतम ने स्वागत उदबोधन दिया। साथ ही जानकारी दी कि ग्वालियर के भविष्य निधि संगठन कार्यालय में लगभग 2 हजार संस्थान पंजीकृत हैं। इन संस्थानों द्वारा 18 हजार नए रोजगार दिए गए हैं। साथ ही 35 हजार कामगारों को पुन: रोजगार प्रदान किया गया है। आज के आयोजन में प्रधानमंत्री द्वारा ग्वालियर कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के खातों में कुल मिलाकर लगभग 4 करोड़ रुपए की धनराशि पहुंचाई गई है। आरंभ में विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से लाभान्वित हितग्राहियों एवं नियोक्ताओं ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा किए।

