RTO की स्कॉर्पियों को ट्रैक्टर टक्कर मारकर भागा पीछा किया तो बिजली के खंभे से टकराया

मुरैना. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस बीच रविवार को परिवहन विभाग की टीमपर हमला कर दिया गया है। बिना रजिस्ट्रेशन बोले ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने रूकने के इशारे पर टीम को स्कॉर्पियो को टक्कर मारी और भाग निकला। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना सिविल लाइन थाना इलाके की है। परिवहन मीनाक्षी गोखले अपने स्टाफ और एसएएफ टीम के साथ नेशनल हाइवे-44 पर टीआर पुरम कॉलोनी के आगे वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नम्बर का नीले रंग का स्वराज ट्रैक्टर वहां से गुजरा, टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया था। टक्कर मारकर विक्रम नगर कॉलोनी की ओर भागे ट्रैक्टर का परिवहन विभाग की टीम ने लगभग 2 किमी तक पीछा किया। भागने की हड़बडी में चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के खम्भे से टकरा दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया।
चेसिस नंबर से केस दर्ज, आरोपी की तलाश
घटना के तुरंत बाद परिवहन टीम ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर कार्रवाई के दौरान यह हमला हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।
वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी, इसलिए पुलिस ने ट्रैक्टर के चेसिस नंबर (WXTG 30405046164) के आधार पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। कार्रवाई के दौरान परिवहन एसआई मीनाक्षी गोखले के साथ कॉन्स्टेबल संतोष कुमार गुप्ता, कोमल सिंह, शशांक द्विवेदी, एसएएफ स्टाफ के एएसआई बृजेंद्र पाण्डेय, एक प्रधान आरक्षक और पांच आरक्षक मौजूद थे।

