जेएएच अस्पताल में पार्किंग में खुली लूट, दोगुना वसूल रहे शुल्क

ग्वालियर. ग्वालियर चंबल के सबसे बडे जयारोग्य अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मरीजों और उनके परिजनों ने पार्किंग ठेकेदार पर निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूलने और वाहनों की सुरक्षा से पल्ला झाडने के आरोप लगाए है। लोगों का कहना है कि पार्किंग में खुलेआम ओवरचार्जिंग की जा रही है जबकि बदले में सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं दी जा रही।
20 रुपए की जगह 50 रुपए तक वसूले जा रहे
म्रीजों और उनके परिजनों के अनुसार पार्किंग में कई वाहन चालकों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली जा रही है। लोगों का आरोप है कि 20 रुपए की जगह 50 रुपए तक वसूले जा रहे है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें अतिरिक्त रकम चुकानी पड रही है।
सवाल करते है तो पार्किंग वाले अभद्रता करते है
मरीजों के परिजनों का आरोप है कि जब वे अधिक शुल्क वसूली या सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते है तो पार्किंग कर्मचारियों का व्यवहार उचित नहीं रहता। कई लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। जेएएच में रोजाना ग्वालियर सहित चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र से बडी संख्या में मरीज पहुंचते है। इनमें अधिकांश ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग होते है। ऐसे में अतिरिक्त पार्किंग शुल्क उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहा है। सुरक्षा की जिम्मेदारी न लेने से उनकी चिंता और बढ जाती है।
तीसरा और अंतिम नोटिस जारी
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जेएएच अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना ने बताया कि पार्किंग ठेकेदार को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया गया है। सात दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्किंग में खड़े वाहनों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी ठेकेदार की है। यदि रसीद पर इसके विपरीत कोई शर्त लिखी जा रही है तो यह गलत है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *