गुम हुए 6 वर्षीय बालक को रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सकुशल परिजनों से मिलाया, ट्रॉली के अंदर सोता हुआ मिला बालक

ग्वालियर – में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं सुरक्षित दस्तयाबी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्वालियर पुलिस ने संवेदनशीलता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक 6 वर्षीय बालक को गुम होने के कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
02 जून को ग्वालियर जिले के थाना पुरानी छावनी क्षेत्र स्थित रूद्रपुरा से एक 6 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। थाना पुरानी छावनी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस लाइन से विशेष बल तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों सहित लगभग 200 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाया गया। बालक की तलाश के लिए क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग की गई, सीसीटीवी फुटेजों का परीक्षण किया गया तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों और अन्य संभावित स्थानों पर गहन जांच की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन वाहनों की भी सघन जांच की गई तथा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को तत्काल सूचना प्रसारित कर अलर्ट किया गया।
पुलिस टीमों के निरंतर प्रयासों एवं रात्रिभर चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान बालक को देर रात रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के भीतर सुरक्षित अवस्था में सोते हुए खोज लिया गया। पुलिस द्वारा बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यप्रणाली की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *