ग्वालियर में जमीन विवाद पर युवक को गोली मारी
ग्वालियर. शनिवार को युवक पर हमला और फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएमटी चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक को घेरकर पहले लाठी-डंडों से पीटा और फिर उस पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

बदमाशों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर फायरिंग की
घायल युवक की पहचान रामवीर गुर्जर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामवीर पीएमटी चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी आधा दर्जन से अधिक बदमाश बाइक से वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी। फायरिंग में रामवीर के शरीर पर छर्रे लगे हैं, जबकि मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्लॉट को लेकर पुराना विवाद चल रहा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामवीर गुर्जर का अपने पड़ोसी पिंटू उर्फ उदय गुर्जर से प्लॉट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। करीब दो सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी मामले को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही
पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। अतुल सोनी ने बताया कि घायल का इलाज जारी है। शुरुआती जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

