4 वर्ष पूर्व की थी लव मैरिज, प्रेमी से ही मरवाया पति को, बॉयफ्रेंड ने पति को मारी गोली, पत्नी की चैट से खुला राज
मुरैना. 4 वर्ष पूर्व जिस युवती से लवमैरिज कर लवकुश माहौर ने अपना घर बसाया था। उसी ने अपने दूसरे प्रेमी के लिये उसकी हत्या करवा दी है। मुरैना जिले के सिहोनिया में हुए इस अंधे कत्ल का पुलिस ने 4 दिन पूर्व पर्दाफाश किया है। मुरैना के सिहोनिया पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी खुशी माहौर और उसके पड़ोसी प्रेमी विक्रम परमार को गिरफ्तार कर हत्या की एफआईआर दर्ज किया है। घटना में उपयोग किये हथियार कट्टा भी बरामद कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि लवकुश की पत्नी खुशी माहौर का अपने ही मोहल्ले में रहने वाले युवक विक्रम परमार में अफेयर हो गया था। दोनों साथ रहना चाहते थे। लेकिन लवकुश उनके रिश्ते के बीच आ रहा था। इसी कारण से दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया और 3 मार्च की रात जब लवकुश अपने घर में सो रहा था। तभी विक्रम छत के रास्ते से घर में घुसा और सोते समय उसे कट्टे से गोली मार दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की गयी थी। मृतक की बहन द्वारा आरोपी को भागते हुए देखने और मोबाइल चैट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

